AEU NEWS24

1 अप्रैल से शिफ्ट होगा नारायण सिंह सर्किल बस स्टैंड:सर्किलों को छोटा करने के लिए बनी कमेटी, ई-रिक्शा के लिए बनेंगे स्टैंड

 


 

जयपुर विकास आयुक्त आनंदी की अध्यक्षता में गुरुवार को जड़ा के मंथन सभागार में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जयपुर के नारायण सिंह सर्किल पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बस स्टैंड को शिफ्ट करने का फैसला किया गया। इसके साथ ही शहर में अलग-अलग चौराहों पर बने सर्किल को छोटा करने के लिए एक कमेटी का गठन करने का निर्णय हुआ।

बैठक में नारायण सिंह सर्किल बस स्टैण्ड को रोटरी सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर के पास उपलब्ध भूमि पर स्थानांतरित कर आगरा को जाने वाली बसों का आवागमन और बजरी मण्डी और दिल्ली रोड पर मण्डी के सामने खाली जमीन से दिल्ली को जाने वाली बसों का संचालन 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।
बैठक में जयपुर शहर में सर्किलों को छोटा करने के लिए कमेटी गठित कर रिपोर्ट के आधार पर सर्किलों को छोटा करने का फैसला किया गया। इसके साथ ही डिवाइडर पर स्थाई रिफ्लेक्टर टेप लगाने का फैसला हुआ। वहीं कुछ स्थानों पर रोड मीडियन कट बंद करने पूर्व में लगे हुए स्थाई सीमेंट बैरिकेट्स के स्थान पर स्थाई मीडियन बनाने का फैसला हुआ।

इसके साथ ही जयपुर में 16 मार्गों पर वर्तमान निर्धारित स्कोप वाहन संख्या में बढ़ोतरी किए जाने का अनुमोदन किया गया। इनमें नगरीय टेंपो (8 से 10 सीटर) के 8 मार्गों के चौपहिया वाहनों के स्कोप में बढ़ोतरी का निर्धारण किया गया है। वहीं नगरीय टेंपो मार्गों के वाहन, तिपहिया के स्कोप के स्थान पर चौपहिया वाहनों के स्कोप में परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया। जबकि शहर में ई - रिक्शा के स्टैंड के लिए स्थान निर्धारित करने का फैसला किया गया।

बैठक में ई-रिक्शा की बढ़ रही संख्या को देखते हुए ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड स्टीकर लगवाए जाने का फैसला हुआ। क्यूआर कोड स्टीकर स्कैन करने पर ई - रिक्शा से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध होगी। जिससे संबंधित ई रिक्शाओं का नियंत्रण किया जा सकेगा। इसके लिए DOIT द्वारा सिस्टम विकसित किया जाएगा।

वहीं यातायात के सुगम संचालन हेतु नो एंट्री के बोर्ड, स्पीड लिमिट के बोर्ड, यू टर्न निषेध संकट के बोर्ड, दुर्घटना संभावित क्षेत्र बोर्ड भारी वाहन प्रवेश निषेध बोर्ड, ट्रैफिक लाइट, ब्लिंकर लाइट और रंबल स्ट्रिप जैसे काम के लिए कमेटी गठित कर कम करवाए जाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही शहर में हो रहे अस्थाई अतिक्रमणों को अभियान बनाकर हटाने का फैसला किया गया।

इस दौरान बैठक में महानिरीक्षक पुलिस (जेडीए), सचिव जेडीए, एडीशनल कमिशनर, डीसीपी ट्रेफिक, आयुक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी परिवहन विभाग, जेडीए के अभियांत्रिकी निदेशक-प्रथम और द्वितीय, निदेशक आयोजना, अतिरिक्त मुख्य अभियंता - सदस्य सचिव टीसीबी, मुख्य सतर्कता अधिकारी नगर निगम ग्रेटर और हैरिटेज, राजस्थान आवासन मण्डल, मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन, स्मार्ट सिटी, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, जेएमआरसी, नगर निगम ग्रेटर एवं हैरिटेज, रीको के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post