News:- by= Surendra Singh b
गोपालगंज में सुबह-सुबह तेज बारिश हुई है।पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से बिहार में भी मौसम बदला है। सोमवार सुबह गोपालगंज में सुबह-सुबह तेज बारिश हुई है। यहां बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। पटना में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं।
इसके साथ बांका और रक्सौल में भी बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वी-पश्चिमी चंपारण और सीवान में आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। मुजफ्फरपुर में भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मोतिहारी में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। बेतिया में सुबह 9 बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम सुहाना बना हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हैं।
मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।
ओले गिरने से किसानों की बढ़ेगी परेशानी
मौसम में बदलाव से जहां लोग राहत महसूस कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ किसानों की परेशानी बढ़ गई है। अगर ओले गिरते हैं तो उनकी फसल को भारी नुकसान होगा। मक्के की पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। आम और लीची की मंजरियों पर भी इसका असर पड़ेगा।
आकाशीय बिजली से सबसे ज्यादा बाहर निकले लोगों को खतरा
आकाशीय बिजली की चपेट में आने का सबसे ज्यादा खतरा खेतों में काम करने वाले, पेड़ों के नीचे पनाह लेने वाले, खुले में घूमने वाले या तालाब में नहाने वाले लोगों को रहता है। ऐसे में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क और सावधानी बरतने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। इनका पालन करके आकाशीय बिजली की घटनाओं से बचा जा सकता है।
