AEU NEWS24

'देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं?' सवाल पर जॉन अब्राहम का कड़ा बयान- 'मुझे भारत में...'

John Abraham On Minorities: जॉन अब्राहम की फिल्म 'द डिप्लोमेट' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, लेकिन वे अल्पसंख्यकों पर अपने एक बयान की वजह से सुर्खियों में हैं. दरअसल, जब जॉन अब्राहम से देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर राय जाननी चाही, तो उन्होंने अपना कड़ा बयान दर्ज कराया.

नई दिल्ली: जॉन अब्राहम जैसे तमाम अभिनेता अल्पसंख्यक समुदायों से ताल्लुक रखते हैं. उनकी न सिर्फ बड़ी फैन फॉलोइंग है, वे देश में अल्पसंख्यकों को रीप्रेजेंट भी करते हैं. जॉन अब्राहम से हाल में एक इंटरव्यू में पूछा गया कि क्या देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं? एक्टर ने जो जवाब दिया, वह अब लोगों का ध्यान खींच रहा है. दरअसल, भाजपा के सत्ता में काबिज होने के बाद एक तबका मानता है कि भारत में मुस्लिम या अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं.
देश में अल्पसंख्यकों के हालात पर जब जॉन अब्राहम से उनकी राय जाननी चाही, तो उन्होंने ‘टाइम्स नाउ’ से कहा कि वे अल्पसंख्यक हैं, लेकिन भारत में कभी इतना सेफ महसूस नहीं किया. उन्हें भारतीय होने पर गर्व है. एक्टर ने लोगों के नाम कड़ा संदेश भी दिया. वे बोले, ‘शायद मैं एक्टर हूं इसलिए लोग बहस करते हैं और कहते हैं कि सुनो, तुम एक्टर हो. तुम जानते हो कि लोग तुम्हें किसी दूसरी वजह से पसंद या नापसंद करेंगे, लेकिन मैं अल्पसंख्यक हूं. मेरी मां जोरोअस्ट्रियन हैं. मेरे पिता सीरियाई ईसाई हैं. मुझे अपने देश में इससे ज्यादा सुरक्षित महसूस नहीं हुआ.’
‘मुझसे ज्यादा कोई इंडियन नहीं’
जॉन अब्राहम ने आगे कहा, ‘मैं अपने देश से प्यार करता हूं और मुझे यहां बहुत सुरक्षित लगता है. मैं एक जीता-जागता उदाहरण हूं. मैं अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखता हूं, शायद इससे किसी को समस्या नहीं है. मुझे नहीं पता कि पारसियों से किसे दिक्कत होगी? मैं अपनी बात करूं, तो मुझे इस देश में बहुत सेफ लगता है. मुझे इंडियन होने पर गर्व है. मुझे यह भी लगता है कि यहां मुझसे ज्यादा कोई इंडियन नहीं है. मेरे कंधे पर यह चिप है, जिससे मुझे एहसास होता है कि मैं हर जगह तिरंगा लेकर जाता हूं.’
‘द डिप्लोमेट’ ने पहले दिन कमाए इतने करोड़!
जॉन की फिल्म ‘द डिप्लोमेट’ को लोग पसंद कर रहे हैं, जो 14 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी एक उज्मा अहमद नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अनजाने में मुसीबतों से घिर जाती है. उसे एक पाकिस्तानी से शादी करने के लिए मजबूर किया जाता है. फिल्म में जॉन ने भारतीय डिप्लोमेट जेपी सिंह का रोल निभाया है. शिवम नायर ने फिल्म डायरेक्ट की है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, देशभक्ति से लबरेज फिल्म ने ओपनिंग डे पर 4 करोड़ रुपये कमाए. फिल्म की कमाई में उछाल आ सकता है, क्योंकि लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post