AEU NEWS24

यूपी में गाजी मियां की दरगाह पर पुलिस ने लगाया ताला! दरगाह कमेटी ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र स्थित सिंकदरा कस्बे की प्रसिद्ध गाजी मियां दरगाह को पुलिस और प्रशासन ने सील कर दिया है। यह दरगाह हर रविवार को लगने वाले रौजा मेले के लिए जानी जाती थी, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु आते थे।


इसके अलावा वैशाख महीने में आयोजित तीन दिवसीय मेले में भी बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होते थे। प्रशासन की इस कार्रवाई के चलते दरगाह के आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है। साथ ही, यहां लगने वाली दुकानों पर भी रोक लगा दी गई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।

कार्रवाई के पीछे का कारण
दिसंबर 2023 में प्रयागराज के पचदेवरा गांव में स्थित यीशू दरबार पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बाद, संजीव मिश्रा नामक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से गाजी मियां दरगाह पर लगने वाले मेले को भी बंद कराने की मांग की थी। इसी के तहत प्रशासन ने यह कदम उठाया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि “आक्रांताओं की पूजा नहीं की जाएगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदू अपने मंदिरों में और मुस्लिम अपने मस्जिदों में इबादत करें। प्रशासन द्वारा दरगाह पर ताला लगाए जाने के बाद वहां पहुंचे जायरीन को निराश होकर लौटना पड़ा।

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने दी सफाई
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा, जिससे पुलिस प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने सफाई दी कि दरगाह पर ताला प्रशासन ने नहीं, बल्कि खुद दरगाह कमेटी ने लगाया है।


दरगाह कमेटी ने दी सफाई
दरगाह कमेटी के अध्यक्ष सफदर जावेद ने एक वीडियो जारी कर बताया कि दरगाह के भीतर कुछ मरम्मत कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से मजार को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरा दरगाह परिसर खुला है और अन्य मजारें भी आम लोगों के लिए सुलभ हैं। जायरीन बिना किसी रोक-टोक के दर्शन कर सकते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post