गुजरात के वडोदरा में BMW कार से कहर बरपाने वाला रक्षित चौरसिया ने कबूल किया है कि घटना के दौरान उसने भांग पी रखी थी। हालांकि, शुरू में उसने नशे में होने या कोई नशीला पदार्थ लेने से
गुजरात के वडोदरा में BMW कार से कहर बरपाने वाला रक्षित चौरसिया ने कबूल किया है कि घटना के दौरान उसने भांग पी रखी थी। हालांकि, शुरू में उसने नशे में होने या कोई नशीला पदार्थ लेने से इनकार किया था। वह अभी कानून की पढ़ाई कर रहा है और वडोदरा में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रहा है।
गुजरात के वडोदरा में बीएमडब्ल्यू कार से एक महिला को मौत की नींद सुलाने और चार अन्य लोगों को जख्मी करने वाला 20 साल का रक्षित चौरसिया मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। घटना के समय कथित तौर पर वह नशे में धुत था। उसने कई वाहनों और लोगों को टक्कर मारी। इसके बाद वह कार से बाहर निकला और बार-बार चिल्ला रहा था, 'एक और राउंड' और 'ओम नमः शिवाय'।
बताया जा रहा है कि इस घटना में होली के रंग खरीदने निकली हेमालीबेन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में जैनी (12), निशाबेन (35), एक अज्ञात 10 साल की लड़की और एक अज्ञात 40 साल का आदमी घायल हो गए।
रक्षित चौरसिया और उसका एक दोस्त डेरा सर्किल से एक अन्य दोस्त को छोड़ने के बाद लौट रहे थे। वे सभी होलिका दहन देखने गए थे। रक्षित ने बताया, "हम एक स्कूटी के आगे जा रहे थे। हम दाईं ओर मुड़ रहे थे और सड़क पर एक गड्ढा था। हमारी कार स्कूटी से टकराई और एयरबैग खुल गए। उसके बाद पता नहीं कि कार का क्या हुआ।"
उसका दावा है कि दुर्घटना के समय वह 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गाड़ी चला रहा था। हालांकि, पुलिस के अनुसार गाड़ी की स्पीड काफी तेज थी। डीसीपी पन्ना मोमाया ने पत्रकारों को बताया कि कार उसके दोस्त मीत चौहान की थी, जो ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा था। पुलिस उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। शुरू में चौरसिया ने नशे में होने या कोई नशीला पदार्थ लेने से इनकार किया। एनडीटीवी के अनुसार, बाद में उसने भांग का सेवन करने की बात स्वीकार की है।
कौन है रक्षित चौरसिया?
रक्षित चौरसिया उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है। वहां उसका परिवार नल का व्यवसाय चलाता है। वह वर्तमान में कानून की पढ़ाई कर रहा है और वडोदरा में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रहा है। उसके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, चौरसिया महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा का छात्र है। उसने 2021 में पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था।
Tags
Gujarat