AEU NEWS24

दिल्ली: कश्मीरी गेट पर क्षत्रिय समाज का विरोध प्रदर्शन ,पुलिस ने महापंचायत करने से रोका - MAHARANA PRATAP STATUE DAMAGED

दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास महाराणा प्रताप की प्रतिमा को कुछ दिन पहले अराजक तत्वों ने कर दिया था क्षतिग्रस्त.
नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली केकश्मीरी गेट बस अड्डा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के मामले में जांच और नई प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा और राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्य) के बैनर तले राजपूत समाज के लोगों ने विरोध जताया. वहीं, महापंचायत में शामिल होने आए लोगों को पार्क में प्रवेश करने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई.

राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्य) के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा और फ्रेंड्स ऑफ आनंद के संयोजक पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह ने भी इस महापंचायत में शामिल होने का लोगों से आव्हान किया था. इसके अलावा करणी सेना, राजपूत करणी सेना, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना सहित क्षत्रिय समाज के अन्य संगठनों ने भी इस प्रदर्शन में भाग लिया. इस महापंचायत में शामिल होने के लिए दिल्ली और एनसीआर के आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग सुबह 10 बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए थे. ढ़ती हुई भीड़ को देखकर पुलिस ने इन्हें महापंचायत करने से रोक दिया और पार्क के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया. इससे नाराज लोग सड़क पर जमा होकर ही अपना विरोध जताने लगे.
पुलिस ने कश्मीरी गेट बस अड्डे के आसपास से कुदेशिया पार्क की ओर जाने वाली सड़क को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया. इससे नाराज होकर महापंचायत में आए लोग सड़क पर ही बैठ गए. इस दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा; ''हम यहां पर सरकार से देश के महापुरुष महाराणा प्रताप की क्षतिग्रस्त की गई प्रतिमा की जांच की मांग और नई प्रतिमा के निर्माण करने की मांग करने आए. इस घटना से क्षत्रिय समाज बहुत आक्रोशित है और हम मांग करते हैं कि सरकार जल्द से जल्द से मामले की जांच कराए. इसके साथ ही नई प्रतिमा का निर्माण कराया जाए.''
महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि इस तरह की घटना हिंदुस्तान में किसी भी इलाके में दोबारा ना हो इसके लिए भी सरकार कदम उठाए. वहीं, राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी सत्य के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दुष्यंत सिंह ने कहा कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग इकट्ठा हुए. उन्होंने सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जताया. उन्होंने बताया कि आज पूरे देश में इस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले पर देश भर में प्रदर्शन का आवाहन राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्य) की ओर से किया गया था. हमने अपने सभी क्षत्रिय संगठनों से भी इसमें भाग लेने की अपील की, जिस पर सभी संगठन के लोग दिल्ली में शामिल हुए.

महाराणा प्रताप पूरे देश के गौरव:क्षत्रिय समाज के लोगों ने यह भी कहा कि अगर यह प्रतिमा अंबेडकर या किसी और समाज के महापुरुष की होती तो अब तक सरकार इस पर संज्ञान ले लिया होता. लेकिन क्षत्रिय समाज से संबंधित होने के कारण अभी तक सरकार इस मामले में मौन बनी हुई है. प्रदर्शन में पहुंचे बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी समाज के नहीं बल्कि पूरे देश के गौरव हैं. उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की एकता अखंडता और आजादी के लिए बलिदान कर दिया.

Post a Comment

Previous Post Next Post