राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षाएं कल से शुरू हो जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए 19 लाख 98 हजार 509 स्टूडेंट्स ने आवेदन किए हैं। इसके लिए 6187 सेंटर बनाए गए हैं। 10वीं के एग्जाम 4 अप्रैल और 12वीं एग्जाम 9 अप्रैल तक चलेंगे। बोर्ड ने इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
बोर्ड सचिव कैलाश चंद शर्मा ने बताया- राज्य के सभी संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और चयनित परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न-पत्रों की अलमारी से प्रश्न-पत्र निकालने से लेकर केन्द्र पर लिफाफे खोलने, वितरण करने एवं परीक्षा की प्रतिदिन वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी से निगरानी के अतिरिक्त अन्य जिलों में किसी एक उड़नदस्ते से रोजाना रोटेशन से वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है। छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस में ही आने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शर्मा ने बताया- बोर्ड का केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष एक मार्च से शुरू कर दिया गया है। यह एग्जाम चलने तक 9 अप्रैल तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 0145-2632866, 2632867, 2632868 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस थाने में रखे गए पेपर, 25 स्टूडेंट्स पर एक वीक्षक
परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्र पुलिस थाने में शिक्षा विभाग की अलमारियों में रखे गए हैं। प्रश्न पत्र के परिवहन के लिए वाहनों का चिन्हीकरण कर सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किए गए है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या अनुसार वीक्षकों की नियुक्ति की गई। इसमें 25 विद्यार्थियों पर एक वीक्षक, 26 से 50 पर 2, 51 से 75 तक 3 एवं 76 से 100 तक 4 वीक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं लाएं, स्कूल ड्रेस में आएं
स्टूडेंट्स को स्कूल ड्रेस में ही परीक्षा केन्द्रों पर आने के लिए निर्देशित किया गया है। परीक्षार्थी का चेहरा स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं लाए जाने के निर्देश भी दिए हैं। परीक्षा समापन पर उत्तर पुस्तिका के पैकेट बोर्ड द्वारा स्थापित संग्रहण केन्द्र पर सुरक्षित रूप से भिजवाया जाएगा।
कुल 19 लाख 98 हजार 509 स्टूडेंट्स
- 10वीं- 10 लाख 96 हजार 85
- 12वीं- 8 लाख 91 हजार 190
- प्रवेशिका- 7 हजार 324
- वरिष्ठ उपाध्याय- 3 हजार 910