Anasagar Lake: सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद आनासागर झील के मौजूदा वेटलैंड पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यहां से सभी अतिक्रमण हटाने पर ही आनासागर झील को राहत मिल सकती है। वहीं, प्रशासन की ओर से सुझाए दो विकल्प सहित मौजूदा वेटलैंड पर राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग अनुसंधान संस्थान (नीरी) की ओर से सौंपी जाने वाली रिपोर्ट अहम है। यह अनुकूल नहीं हुई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होना तय है।
सुप्रीम कोर्ट ने वेटलैंड क्षेत्र में बने सेवन वंडर्स को एक माह में हटाने के निर्देश दिए हैं। शीर्ष कोर्ट में सरकार और जिला प्रशासन की ओर से जिला कलक्टर लोकबंधु ने वरुण सागर व तबीजी क्षेत्र में 19 हेक्टेयर भूमि में वेटलैंड बनाने का प्रस्ताव दिया। शीर्ष अदालत ने नीरी और अन्य विशेषज्ञ संस्थाओं के सहयोग से विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। मामले की सुप्रीम कोर्ट में 16 मई को सुनवाई है।

