Box Office Collection Report Friday: विक्की कौशल की 'छावा' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। जॉन अब्राहम की 'द डिप्लोमैट' और 'तुमको मेरी कसम' का शुक्रवार को संघर्ष जारी रहा।
इन दिनों सिनेमाघरों में विक्की कौशल की 'छावा' और जॉन अब्राहम की 'द डिप्लोमैट' दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। इसके साथ ही बीते दिन नई फिल्म रिलीज हुई 'तुमको मेरी कसम'। हालांकि, इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन ही प्रदर्शन बेहद खराब रहा। तीनों फिल्म की कमाई में काफी अंतर देखने को मिला। एक ओर जहां 'छावा' को एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है और अब भी यह फिल्म अच्छी कमाई कर रही है तो वहीं जॉन की 'द डिप्लोमैट' का हाल हफ्ते भर में ही खराब हो गया है। 'तुमको मेरी कसम' पहले दिन ही बेदम हो गई। चलिए जानते हैं कि शुक्रवार को इन फिल्मों ने कैसा प्रदर्शन किया है।
तुमको मेरी कसम
'तुमको मेरी कसम' शुक्रवार, 21 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में अनुपम खेर, इश्वाक सिंह, अदा शर्मा, एशा देओल, मेहरान माजदा, सुशांत सिंह और दुर्गेश कुमार जैसे कई कलाकार हैं, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों पर फिल्म का जादू नहीं चला। पहले दिन ही फिल्म की कमाई लाखों रुपये में सिमट गई। फिल्म ने शुक्रवार को महज 15 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
जॉन अब्राहिम की फिल्म 'द डिप्लोमैट' 14 मार्च को होली के अवसर पर रिलीज हुई थी, लेकिन अभिनेता के लिए इस बार की होली फीकी रही, क्योंकि फिल्म उम्मीद के मुकाबले बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। फिल्म में जॉन अब्राहम की अदाकारी को तो समीक्षकों द्वारा सराहा गया, लेकिन अब इसे कमाई के मामले में संघर्ष करना पड़ रहा है। शुक्रवार को आठवें दिन फिल्म ने 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं अब फिल्म का कुल कलेक्शन 20.40 करोड़ रुपये हो चुका है। इसका बजट 20 करोड़ रुपये है और बीते दिन इसने अपना बजट निकाल लिया।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना जैसे सितारों से सजी फिल्म 'छावा' 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई। सिनेमाघरों में लगे इसे एक महीने से ऊपर हो गया है। अब भी फिल्म की कमाई करोड़ों रुपये में हो रही है। शुक्रवार को यानी कल फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर 36वां दिन था। बीते दिन फिल्म ने मामूली गिरावट के साथ 2.10 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, अब फिल्म की कुल कमाई 574.95 करोड़ रुपये हो चुकी है।
Tags
Bollywood