नई दिल्ली, 24 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे सिविल इन्वेस्टिचर समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। समारोह में उनकी पत्नी रितिका सजदेह भी मौजूद रहीं और इस गौरवपूर्ण क्षण की साक्षी बनीं।
रोहित शर्मा को यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके उत्कृष्ट योगदान, शानदार नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए दिया गया है। अपने करियर में उन्होंने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए हैं और सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में कुल 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें खेल, कला, सिनेमा और अन्य क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां शामिल थीं। रोहित शर्मा के पद्म श्री सम्मान से क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर है।
रोहित शर्मा इससे पहले अर्जुन पुरस्कार और खेल रत्न जैसे प्रतिष्ठित खेल सम्मानों से भी सम्मानित हो चुके हैं। पद्म श्री मिलने के बाद उनके नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमियों में गर्व का माहौल है।