मांगलियावास| लामाना गांव में नेशनल हाईवे-8 पर बीती रात जय श्री पीपलाज भोजनालय के पास टैंकर से इंडस्ट्रियल फ्यूल चोरी करते दो युवक रंगे हाथ पकड़े गए। पुलिस ने टैंकर से चोरी किया गया फ्यूल और चोरी में इस्तेमाल सामान जब्त किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हवालात में बंद किया गया। शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर किए जाने पर जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी हरीश चौधरी अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान सीआईडी सीबी द्वारा गठित विशेष टीम से सूचना मिली कि लामाना सरहद में टैंकर से ज्वलनशील पदार्थ चोरी हो रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जय श्री पीपलाज भोजनालय के पास एक बड़ा टैंकर खड़ा मिला। टैंकर के पास एक युवक पाइप के जरिए उसमें से फ्यूल निकाल रहा था।
पूछताछ में उसने अपना नाम रामू गुर्जर पुत्र उदाराम गुर्जर, निवासी घूघरा, थाना सिविल लाइन अजमेर बताया।टैंकर के दूसरी ओर एक और युवक मिला। उसने खुद को टैंकर का चालक बताया। उसका नाम मोहम्मद जैद पुत्र हकमुदीन मेव, निवासी गांव राजाका, थाना नगीना, जिला नूंह, हरियाणा है। टैंकर का रजिस्ट्रेशन नंबर HR63D3686 है। चालक ने टैंकर के कागजात और बिल्टी मोबाइल में दिखाए। टैंकर से चोरी कर ड्रम में भरा गया इंडस्ट्रियल फ्यूल जब्त किया गया। चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड, रबर की पाइप, कीमा, लोहे की डोली भी जब्त की गई। टैंकर को भी सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जब्त सामान और वाहन को थाने लाया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को नसीराबाद न्यायालय में पेश किए जाने पर जेल भेज दिया गया।
